थाने के सामने चौकीदार की हत्या के बाद अब नवादा में बालू माफियाओं ने एक बार फिर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया है। बीती शाम अवैध बालू खनन की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची नारदीगंज थाने की पुलिस टीम पर खनन माफिया और उसके गुर्गों ने बालू से लदा ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस घटना में नारदीगंज थाने में तैनात ASI नागेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बेहतर इलाज के लिए नवादा से पटना रेफर किया गया है जहां उनकी हालत नाजुक बताई जाती है। पुलिस टीम पर हमले को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर फरार हो गए। नवादा एसपी ने इस घटना को लेकर इलाके में कडी कार्रवाई का निर्देश दिया है। उन्होंने अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया है।
बालू माफियाओं ने ASI पर चढ़ाया ट्रैक्टर
घटना नारदीगंज थाना क्षेत्र के मधुबन गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार यहां गुप्त सूचना पर नवादा पुलिस गांव के समीप अवैध बालू खनन और लोडिंग की जांच करने पहुंची थी। इसी दौरान एएसआई नागेंद्र कुमार ने जैसे ही बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, बालू माफियाओं ने बिना देर किए ट्रैक्टर उनके ऊपर चढ़ा दिया जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल एएसआई को तुरंत नवादा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटना रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, एएसआई नागेंद्र कुमार की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
नवादा एसपी ने इस घटना के बाद अवैध बालू खनन के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पुलिस लगातार बालू माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, जिससे वे बौखला गए हैं। एसपी ने दावा किया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विदित हो कि इससे पहले नवादा में थाना के सामने अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश करने पर बालू माफियाओं ने एक चौकीदार पर जानलेवा हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल चौकीदार की बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।