– आंधी-बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, एनएच पर गिरे कई विशाल पेड़
नवादा : जिले के रजौली प्रखंड क्षेत्र में सुबह तेज आंधी-पानी और वज्रपात से लाखों रुपयों का नुकसान हुआ। हरदिया पंचायत के पुरानी हरदिया (वार्ड 9) में सुबह करीब 6 बजे एक मकान के ऊपर वज्रपात हुआ जिससे मकान की छत क्षतिग्रस्त होकर टुकड़ों में बंट गयी। इस दौरान मकान में रह रहे छह लोग और करीब एक दर्जन बकरियां बाल-बाल बच गयीं।
पीड़ित मनोज सिंह ने बताया कि पैतृक आवास में उनके भाई सुरेंद्र सिंह, गुड़िया देवी, नीरज सिंह, सूरज कुमार, लक्ष्मी कुमारी और धीरज कुमार रहते हैं। सुबह बारिश बंद होने पर लोग जैसे ही बाहर निकले, तभी दोबारा तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुई। बच्चे डरकर कोने में जा छिपे, जिससे उनकी जान बच गयी। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यदि सभी लोग घर के मुख्य हिस्से में होते, तो बड़ी अप्रिय घटना घट सकती थी। वज्रपात से छत के दर्जनों करकट टूटकर गिर गये और जमीन में गड्ढे हो गये। पीड़ित ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर मुआवजे की गुहार लगायी है।
पेड़ गिरने से बाधित रहा एनएच-20
बेमौसम आंधी और बारिश ने पूरे इलाके को झकझोर दिया ।नेशनल हाइवे-20 के किनारे हरदिया समेत विभिन्न स्थानों पर आधा दर्जन विशालकाय पेड़ धराशायी हो गये जिससे यातायात बाधित रहा। हालांकि, ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए लकड़ियों को काटकर सड़क से हटाया और मार्ग सुचारु बनाया।
बिजली कटने से पेयजल संकट
मेघ गर्जन शुरू होते ही बिजली विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर आपूर्ति काट दी। इसके कारण भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी हुई। पानी की मोटरें नहीं चलने से क्षेत्र में सुबह पेयजल के लिए हाहाकार मच गया।
सीओ ने की सावधानी की अपील
अंचलाधिकारी मो. गुफरान मजहरी ने बताया कि वज्रपात से मकान क्षतिग्रस्त होने पर आपदा प्रबंधन द्वारा मुआवजे का प्रावधान नहीं है। उन्होंने लोगों से बारिश और मेघ गर्जन के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने की अपील की।
भईया जी की रिपोर्ट