नवादा : समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी श्री रवि प्रकाश एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान की संयुक्त अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, मद्य निषेध, अवैध खनन, भूमि विवाद, बाल श्रम उन्मूलन एवं किशोर श्रम निषेध सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा एवं चर्चा की गई। मद्य निषेध की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु शराब आपूर्ति करने वाले तस्करों एवं आपूर्तिकर्ताओं की गिरफ्तारी पर विशेष बल दिया। उन्होंने छापामारी एवं गश्ती कार्य में प्रयुक्त सभी वाहनों में जीपीएस लगाने का निर्देश दिया, ताकि कार्रवाई की समुचित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में विनष्टीकरण हेतु 20 हजार लीटर से अधिक शराब लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने चिंता व्यक्त करते हुए शीघ्र विनष्टीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके उपरांत नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठकें आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की आपूर्ति एवं मांग को कम करने हेतु प्रभावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में मादक पदार्थों के “डार्क स्पॉट” को चिन्हित कर वहां विशेष अभियान चलाया जाए तथा अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव धीमान ने बताया कि जिले में स्निफर डॉग टीम उपलब्ध है, जिसका उपयोग आवश्यकतानुसार जांच एवं कार्रवाई में किया जा सकता है। उन्होंने अधीक्षक मद्य निषेध को चेक पोस्टों पर भी स्निफर डॉग के माध्यम से जांच कराने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने गांजा की अवैध खेती वाले संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरतने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल 2026 तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी । प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार कुल 127 छापेमारी की गई, 18 प्राथमिकी दर्ज की गई, 01 गिरफ्तारी हुई, 59 वाहनों को जप्त किया गया तथा 70.52 लाख रुपये की वसूली की गई।राजस्व समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 13657.04 लाख रुपये के वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध 13750.75 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 467.44 लाख रुपये राजस्व की प्राप्ति हुई है।
जिलाधिकारी ने अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम हेतु प्रभावी एवं सतत कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि इससे जिले में विधि-व्यवस्था संधारण में भी सहायता मिलेगी। बैठक में सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं रजौली, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रजौली, उत्पाद अधीक्षक, जिला खनन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट