-उपाध्यक्ष बोले, होगी कार्रवाई
नवादा : जिले के रजौली अनुमंडल अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भोला बीघा निवासी राहुल कुमार सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज कराने अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि उस समय अस्पताल के ओपीडी रूम में डॉक्टरों की जगह सफाई कर्मी और सिक्योरिटी गार्ड मरीज का इलाज करते नजर आए। घटना को देखकर वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और अस्पताल प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे।
जांच कराने की बात कही
मामले की जानकारी मिलने पर अस्पताल उपाध्यक्ष डॉक्टर दिलीप कुमार ने कहा कि अस्पताल में सफाई कर्मी और गार्ड का काम केवल अपनी निर्धारित जिम्मेदारी तक सीमित है। उन्हें किसी भी हालत में मरीजों का इलाज करने का अधिकार नहीं है।
उन्होंने बताया कि कई बार बिना पूछे और अपने मन से कुछ कर्मी ऐसे कार्य करने लगते हैं, जो पूरी तरह गलत है। डॉ. दिलीप कुमार ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले सफाई कर्मी एवं गार्ड पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट