पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या वाले मामले में बीती रात बंगाल STF ने बिहार और यूपी से हिस्ट्रीशीटर समेत 3 बदमाशों को दबोचा है। पकड़े गए शूटरों में से एक यूपी के बलिया का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है जिस पर 15 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इस बहुचर्चित हत्याकांड में पहला ठोस सुराग तब मिला जब हत्या के बाद भाग रहे शूटरों की कार का एक टोल प्लाजा पर यूपीआई से टोल टैक्स का भुगतान किया गया। इसी डिजीटल भुगतान के जरिये बंगाल पुलिस की STF अकाअंट होल्डर और फिर इन तीन शूटरों तक पहुंची और इन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार बदमाशों में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बंगाल एसटीएफ बिहार और उत्तर प्रदेश से पकड़े गए इन आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले गई है जहां इनसे पूछताछ हो रही है। खबर है कि पश्चिम बंगाल पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे केस का खुलासा कुछ देर में करेगी।
बक्सर से हिस्ट्रीशीटर विशाल श्रीवास्तव गिरफ्तार
ज्ञात हो कि शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की 6 मई की रात 24 परगना जिले के मध्यग्राम इलाके में तब गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी, जब वे स्कॉर्पियो गाड़ी से अपने आवास जा रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार शुभेंदु अधिकारी के PA पर हुई गोलीबारी के मामले में पश्चिम बंगाल STF ने बिहार के बक्सर जिले से विशाल श्रीवास्तव नामक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। विशाल श्रीवास्तव को बिहार पुलिस के सहयोग से बक्सर के मुफ़स्सिल पुलिस स्टेशन से हिरासत में लिया गया। विशाल श्रीवास्तव को बक्सर के पांडे पट्टी गांव से पकड़ा गया है।
विशाल श्रीवास्तव पर 15 से अधिक मामले दर्ज
विशाल श्रीवास्तव पर 15 से ज़्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या, लूट और डकैती के मामले भी शामिल हैं। पुलिस की तफ्तीश के दौरान विशाल श्रीवास्तव बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में एक प्रमुख सस्पेक्ट के रूप में सामने आया। ये छापे बिहार पुलिस, बक्सर पुलिस और बिहार STF के तालमेल से पिछले 24 घंटे के दौरान मारे गए। पश्चिम बंगाल STF, विशाल श्रीवास्तव को वापस कोलकाता ले गई है जहां उससे कड़ी पूछताछ किये जाने की खबर है।
बलिया के राज सिंह और मयंक भी अरेस्ट
इस हत्याकांड के बाकी दो आरोपियों की पहचान राज सिंह और मयंक के रूप में हुई है। राज सिंह बलिया का रहने वाला है, हालांकि वह बक्सर में ही रहता था। वारदात के बाद राज सिंह अयोध्या में छिप कर रह रहा था। कोलकाता पुलिस और अयोध्या पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन के बाद राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया। बताया जाता है कि इन शूटरों से पूछताछ में हत्याकांड की सारी कड़ियां जुड़ गईं हैं और जल्द ही बंगाल पुलिस इस सनसनीखेज मर्डर का खुलासा कर देगी।