पटना : राज्य के पीएचईडी मंत्री संजय कुमार सिंह ने विश्वेश्वरैया भवन स्थित विभागीय मुख्यालय में पूरे विधि-विधान के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण के बींच पदभार ग्रहण किया,मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों एवं विभाग कर्मीयों के अलावे समर्थकों में काफी उत्साह देखी गयी।मंत्री संजय कुमार सिंह के पदभार ग्रहण के उपरांत लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में विभाग के अभियंता प्रमुख सह विशेष सचिव (मुख्यालय), अपर सचिव तथा अन्य पदाधिकारियों ने माननीय मंत्री का आत्मीय स्वागत किया एवं विभाग की ओर से उन्हें बधाई दी।पदभार ग्रहण के उपरांत मंत्री संजय कुमार सिंह ने विभाग के वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की और इस दौरान उन्होंने राज्य में संचालित जलापूर्ति योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मंत्री श्रीसिंह ने विशेष रूप से गर्मी के मौसम को देखते हुए राज्य के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट उत्पन्न नहीं होने देने पर जोर दिया। मंत्री श्रीसिंह ने निर्देश दिया कि जिन जिलों में जल की समस्या हो रही है तथा जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नही करना पड़े। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जलापूर्ति से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए तथा लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट