नवादा : नगर में अब लोगों को प्रसिद्ध ऐतिहासिक शीतल ककोलत जलप्रपात की खूबसूरती की झलक शहर के बीचों-बीच देखने को मिलेगी। नगर परिषद की ओर से केंदुआ बाईपास शहर प्रवेश मार्ग और भगत सिंह चौक के समीप विशेष थीम आधारित ककोलत जलप्रपात सीन पार्क का निर्माण कराया जा रहा है।परियोजना पर करीब 76 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही यह स्थल लोगों के आकर्षण का केंद्र बनने वाला है।
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि शहर को सुंदर, स्वच्छ और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से यह विशेष पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंदुआ बाईपास से नवादा शहर में प्रवेश करने वाले यात्रियों को दूर से ही ककोलत जलप्रपात जैसा मनमोहक दृश्य दिखाई देगा। पार्क में कृत्रिम झरना, पानी के फव्वारे, आकर्षक लाइटिंग और बैठने के लिए आधुनिक कुर्सियों की व्यवस्था की जा रही है।उन्होंने बताया कि रात के समय रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठेगा, जिससे यह स्थल सेल्फी प्वाइंट और परिवारों के घूमने के लिए खास आकर्षण बनेगा।
हरियाली, साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर भगत सिंह चौक के पास बन रहे पार्क में ककोलत थीम पर सजावट की जा रही है। यहां हरियाली, साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छता संबंधी स्लोगन लगाए जाएंगे। नगर परिषद का मानना है कि सौंदर्यीकरण कार्य से न सिर्फ शहर की पहचान मजबूत होगी, बल्कि बाहर से आने वाले यात्रियों पर भी नवादा की सकारात्मक और आकर्षक छवि देखने को मिलेगी। स्थानीय लोगों में भी इस परियोजना को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट