नवादा : जिलाधिकारी श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में विद्युत विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को प्राप्त होने वाली शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों को निर्बाध एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर बिजली योजना, मुख्यमंत्री कृषि विद्युत योजना, विद्युत शक्ति उपकेंद्र निर्माण, 33 केवी नए फीडर निर्माण सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने योजनाओं की प्रगति, कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कृषि विद्युत योजना के अंतर्गत किसानों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर सिंचाई हेतु आवश्यक विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा ट्रांसफार्मर स्थापना एवं विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने हेतु जहां-जहां आवेदन प्राप्त हुए हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को सिंचाई कार्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।बैठक में कार्यपालक अभियंता द्वारा अवगत कराया गया कि विद्युत शक्ति उपकेंद्र बुधौल (नवादा) एवं पाली (कौआकोल) में 2×10 एमवीए क्षमता से विद्युत आपूर्ति संचालित की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध हो रही है। वहीं गंगटी (अतौआ) में 2×10 एमवीए विद्युत शक्ति उपकेंद्र निर्माण योजना का कार्य प्रगति पर है, जिसे जुलाई 2026 तक पूर्ण कर लेने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में 33 केवी नए फीडर निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि खनवां ग्रिड से हिसुआ विद्युत शक्ति उपकेंद्र तक 13.1 किलोमीटर, खनवां ग्रिड से सिरदला विद्युत शक्ति उपकेंद्र तक 17.00 किलोमीटर तथा वारिसलीगंज ग्रिड से वारिसलीगंज विद्युत शक्ति उपकेंद्र तक 3.5 किलोमीटर फीडर निर्माण कार्य का ऊर्जीकृत कर संचालन प्रारंभ कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री कृषि विद्युत योजना के अंतर्गत 11 केवी नई लाइन निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 365 किलोमीटर कार्य आवंटित है, जिसमें 220.51 किलोमीटर कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा शेष 144.49 किलोमीटर कार्य सितंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसी प्रकार एल.टी. नई लाइन निर्माण कार्य के अंतर्गत कुल 627.97 किलोमीटर कार्य आवंटित है, जिसमें 429.394 किलोमीटर कार्य पूर्ण हो चुका है तथा शेष 198.576 किलोमीटर कार्य सितंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री कृषि विद्युत योजना के अंतर्गत कुल 931 अतिरिक्त ट्रांसफार्मर अधिष्ठापन का लक्ष्य निर्धारित है, जिसमें से 680 ट्रांसफार्मर स्थापित किए जा चुके हैं तथा शेष 251 ट्रांसफार्मर का अधिष्ठापन सितंबर 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। आगामी ग्रीष्म ऋतु एवं बढ़ती गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में विद्युत की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि आमजनों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने जर्जर एवं क्षतिग्रस्त विद्युत तारों को चिन्हित कर अविलंब मरम्मत एवं प्रतिस्थापन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां पुराने एवं जर्जर तार हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं एवं विद्युत बाधाओं से बचा जा सके। बैठक में कार्यपालक अभियंता, विद्युत को निर्देशित किया गया कि गर्मी के दिनों में घरेलू विद्युत आपूर्ति में उत्पन्न होने वाली तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा विद्युत आपूर्ति को सुचारु रूप से संचालित रखने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। बैठक में कार्यपालक अभियंता विद्युत रजौली एवं नवादा, विद्युत विभाग के संबंधित अन्य पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट