नवादा : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश के आलोक में विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री आशुतोष कुमार झा तथा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री अरविन्द कुमार के निर्देश पर रेलवे स्टेशन परिसर में किन्नरों के अधिकार एवं उत्थान तथा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत विषयक विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में डिफेंस अधिवक्ता श्री अमन जैन द्वारा किन्नरों के अधिकार एवं उनके उत्थान के लिए बनाए गए कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही जनोपयोगी सेवाओं के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया गया। सितारा योजना 2023 के अंतर्गत किन्नरों के पुनर्वास एवं उनके हितों की पूर्ति हेतु उपस्थित किन्नरों को जानकारी प्रदान की ।
उन्होंने बताया कि किन्नर हमारे समाज का अभिन्न अंग हैं। उन्हें हेय दृष्टि से देखना एक सामाजिक कुरीति है, जिसे दूर करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि जिस किसी व्यक्ति को विधिक जानकारी एवं परामर्श की आवश्यकता हो, वे इस संबंध में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर विधिक सहायता/परामर्श प्राप्त कर सकते हैं, क्योंकि जिला विधिक सेवा प्राधिकार इस हेतु सदैव तत्पर है। कार्यक्रम में रेलवे प्रशासन, डिफेंस अधिवक्ता श्री अमन जैन, पारा विधिक स्वयंसेवक बबलू कुमार एवं अन्य किन्नर उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट