बिहार की नई नवेली सरकार के पहले कैबिनेट विस्तार की सुगबुगाहट के बीच आज शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार से उनके नए आवास 7 सर्कुलर रोड जाकर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 25 से 30 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान डिप्टी सीएम और वरिष्ठ जदयू नेता विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे। इससे पहले आज ही सुबह पूर्व सीएम नीतीश ने बिहार सरकार के दूसरे डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव और जदयू के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व मंत्री अशोक चौधरी के आवास जाकर उनसे भेंट की थी। बताया जाता है कि बिहार में बहुत जल्द कैबिनेट विस्तार होने वाला है। इसी को लेकर सीएम सम्राट और पूर्व सीएम नीतीश कुमार लगातार सियासी मुलाकात और बात कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार जदयू के सर्वमान्य नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार आज शनिवार को सियासी तौर पर काफी एक्टिव नजर आए। बीते दिन सीएम हाउस खाली करने के बाद वह 7 सर्कुलर रोड स्थित आवास में पूरी तरह शिफ्ट हो चुके हैं। ऐसे में आज शनिवार की सुबह उठकर वह जेडीयू के तीन दिग्गज नेताओं से मिलने जा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जेडीयू नेता अशोक चौधरी, डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी से इनके घर जाकर बारी—बारी से मुलाकात की।
बताया जा रहा है कि आज सुबह नीतीश से मिलकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनके साथ भावी मंत्रियों की सूची और विभागों के बंटवारे पर मंथन किया। सरकार गठन के दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी मंत्रिमंडल का स्वरूप साफ न होने से प्रशासनिक कामकाज का बोझ फिलहाल मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों पर है। इसको लेकर हाल ही में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने एनडीए सरकार पर हमला भी बोला था। तेजस्वी ने कहा था कि बिहार की सरकार को महज तीन लोग ही इस समय चला रहे हैं और वे मनमाना फैसले ले रहे हैं। मुख्यमंत्री और पूर्व सीएम नीतीश की ताजा मुलाकातों को एनडीए गठबंधन के भीतर सामंजस्य बिठाने और विपक्ष के हमलों का जवाब देने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
दरअसल, नीतीश कुमार द्वारा सीएम पद छोड़ने और नई सरकार के शपथ लेने के दो हफ्ते बाद भी अभी तक कैबिनेट का विस्तार नहीं हो पाया है। अब इसी को देखते हुए सियासी गतिविधियां बढ़ गईं हैं और कहा जा रहा कि दो—तीन दिन के भीतर कैबिनेट का विस्तार कर दिया जाएगा। इसी सिलसिले में सीएम सम्राट ने अपनी कैबिनैट के संभावित नए चेहरों और जातीय समीकरणों को साधने पर नीतीश कुमार से अहम चर्चा की है। इस बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी की उपस्थिति ने ये साफ कर दिया कि गठबंधन के दोनों प्रमुख दल अब जल्द से जल्द बिहार में एनडीए सरकार की टीम को अंतिम रूप देना चाहते हैं। जानकारों का मानना है कि इस बार मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को मौका मिल सकता है, साथ ही पुराने अनुभवी नेताओं के विभागों में फेरबदल की भी संभावना है।