नवादा : नगर के बुन्देलखण्ड थाना क्षेत्र के एनएच-20 पर अंसारनगर स्थित अंडरपास के पास पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) के सहयोग से इस संवेदनशील मोड़ पर रबर स्पीड ब्रेकर लगाये गये, ताकि वाहनों की गति को नियंत्रित किया जा सके।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों और विशेषकर पिछले दो दिनों में इस स्थल पर कई वाहनों की आपस में भिड़ंत हुई थी। दुर्घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिससे लोगों में दहशत थी. ”वरीय पत्रकार भैया जी” ने भी इस समस्या को लगातार प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया था। किसी बड़ी अनहोनी से पहले ही ट्रैफिक पुलिस ने यह एहतियाती कदम उठाया है। सुरक्षा के मद्देनजर उठाया गया कदम ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अंडरपास के पास स्पीड ब्रेकर लगाना अनिवार्य हो गया था।
एनएचएआई के सहयोग से अब वाहनों की रफ्तार स्वत: कम हो जाएगी, जिससे सीधे आने वाले वाहनों के साथ होने वाली टक्करों को रोका जा सकेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपनी गति पर नियंत्रण रखें ताकि दूसरों की जान जोखिम में न पड़े। गौरतलब है कि नवादा शहर के अंसारनगर, भदौनी और हड्डी गोदाम के पास स्थानीय लोगों और छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए ही अंडरपास बनाए गए हैं। इतनी सुविधा के बावजूद तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसे हो रहे थे। रबर स्पीड ब्रेकर लग जाने से अब स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।
भईया जी की रिपोर्ट