– इलाज के बहाने पहले राजी हुए, फिर केस करने पर दी जान मारने की धमकी
नवादा : जिले के रजौली थाना क्षेत्र के अमावां गांव के टाल मुहल्ले में नशे में धुत बाइक सवार ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार ने घर के बाहर निकल रही कौशर जहां (पति- मो जसीमउद्दीन) के पैर पर बाइक चढ़ा दी, जिससे उनका बायां पैर टूट गया। महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर बाइक सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया, जो रिश्ते में चाचा-भतीजा बताये जा रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि पकड़े जाने के बाद आरोपित पहले इलाज का खर्च देने को राजी हुए, लेकिन बाद में विवाद बढ़ने पर वे केस करने पर जान मारने की धमकी देने लगे, इसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्प्लेंडर प्लस (बीआर27पी4517) जब्त करते हुए दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
सदर अस्पताल रेफर
घायल महिला को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल रजौली ले जाया गया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. गजेंद्र कुमार ने बताया कि महिला के पैर और कंधे में गंभीर चोटें हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
भईया जी की रिपोर्ट