भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में बीती शाम परिषद के कार्यपालक अधिकारी ईओ कृष्ण भूषण की हत्या कर दी गई। कल शाम को बदमाशों ने उनके चैंबर में घुसकर उनके सिर में गोली मार दी। इस घटना ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया है। बताया जाता है कि जब शाम को कार्यालय में कामकाज चल रहा था, तभी अचानक लुंगी और पगड़ी पहने वहां घुस आए और आते ही झोले से हथियार निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सीसीटीवी में दिख रहा है कि वारदात के समय चैंबर में सभापति राजकुमार गुड्डू के साथ ईओ कृष्ण भूषण प्रसाद बैठक कर रहे थे। तभी तीन हथियारबंद अपराधी वहां दाखिल हुए। जैसे ही हमलावरों ने सभापति पर पिस्टल तानी, वहां मौजूद अन्य लोग जान बचाकर भागे, लेकिन कृष्ण भूषण प्रसाद पीछे नहीं हटे और उनसे भिड़ गए। इससे भड़के बदमाशों ने ईओ के सिर में गोली मार दी और वे वहीं ढेर हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि ईओ दिलेरी दिखाते हुए अपराधियों पर टूट पड़े थे। उन्होंने एक हमलावर को पीछे से पकड़ लिया और उसकी पिस्टल छीनने की कोशिश की। खुद को घिरता देख अपराधियों ने सीधे अफसर के सिर में गोली मार दी। इसके बाद बदमाशों ने सभापति राजकुमार गुड्डू के भी सीने में गोली मारी। गुड्डू का ईलाज गंभीर हालत में मायागंज अस्पताल में चल रहा है। इस हमले का आरोप परिषद की उपसभापति नीलम देवी के पति और माफिया रामधनी यादव पर लगा जिसका बाद में पुलिस द्वारा एनकाउंटर कर दिये जाने की खबर है। नीलम देवी वहीं हैं जिन्होंने लोजपा के टिकट पर 2020 का विधानसभा चुनाव लड़ा था। अभियुक्त रामधनी यादव के साथ मुठभेड़ में पुलिस के तीन पदाधिकारी भी जख्मी हुए हैं जिनमें डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नवनीत कुमार, सुल्तानगंज इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार और तकनीकी शाखा प्रभारी परमेश्वर शामिल हैं।
ईओ कृष्ण भूषण प्रसाद मधुबनी के रहने वाले थे और उनके परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। बिहार नगर सेवा के अधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद के मधुबनी स्थित गदियानी लोहरसारी मोहल्ले में उनके घर पर मातम छाया हुआ है। वो अपने पीछे एक तीन साल का बेटा, एक साल की मासूम बेटी और पत्नी को छोड़ गए हैं। कहलगांव नगर पंचायत के ईओ होने के साथ-साथ उनके पास सुल्तानगंज का अतिरिक्त प्रभार था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं दूसरी तरफ इस सनसनीखेज वारदात के दौरान हमले में नगर परिषद चेयरमैन और भाजपा नेता राज कुमार गुड्डू भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनके फेफड़े में गोली फंसी है, और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। ईओ कृष्ण भूषण चार भाई हैं जिनमें वे दूसरे नंबर पर थे। उनके माता—पिता का पहले ही स्वर्गवास हो चुका है जबकि उनके बड़े भाई वायुसेना में कार्यरत हैं। एक छोटा भाई सीतामढ़ी इंजीनियरिंग कॉलेज में व्याख्याता के पद पर कार्यरत है।