– वर्षो से जलजमाव और कीचड़ से नारकीय जीवन जीने को मजबूर थे ग्रामीण
नवादा : जिले के सिरदला प्रखंड क्षेत्र की अकौना पंचायत अंतर्गत कोलडीहा गांव के युवाओं ने सामाजिक जिम्मेदारी की अनुठी मिसाल पेश की है। गांव की मुख्य गली में नाली और सड़क न होने से बरसों से जलजमाव की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए युवाओं ने खुद मोर्चा संभाला। जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाकर थक चुके पासवान समाज के युवाओं ने आपसी सहयोग से चंदा जुटाया और श्रमदान कर नाली का निर्माण कराया। कोलडीहा गांव की मुख्य गली में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी और बरसात का पानी सड़क पर जमा रहता था। इस कारण पूरी गली कीचड़ में तब्दील हो गई थी, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का पैदल चलना दूभर हो गया था। ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से नाली निर्माण की मांग की थी, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन ही मिला।
चंदा जुटाकर खुद शुरू किया काम
समस्या का कोई समाधान न होता देख गांव के युवाओं ने खुद जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया। युवाओं ने घर-घर जाकर चंदा इकट्ठा किया और निर्माण सामग्री की व्यवस्था की। इसके बाद सभी युवकों ने मिलकर श्रमदान किया और नाली का निर्माण पूरा कराया। अब नाली बनने से गांव का गंदा पानी आसानी से निकलने लगा है और सड़क पर जमा कीचड़ से लोगों को मुक्ति मिल गयी है।
समाज के लिए प्रेरणा बनी युवाओं की टोली
युवाओं के इस कार्य की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कोलडीहा के युवाओं ने यह साबित कर दिया कि यदि समाज में इच्छाशक्ति और एकजुटता हो, तो व्यवस्था के भरोसे बैठे रहने की जरूरत नहीं है। हालांकि, ग्रामीणों ने अब भी मांग की है कि प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए ताकि गांव में पक्की सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास हो सके। युवाओं की यह पहल सामाजिक जागरूकता और जनसेवा का एक बेहतर उदाहरण बन गया है।
भईया जी की रिपोर्ट