नवादा : जिले के हिसुआ नगर पर्षद क्षेत्र के राजगीर रोड स्थित जंगली होटल के समीप भूमि विवाद को ले दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। हिंसक झड़प में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये।घायलों की पहचान पांचू गढ़ निवासी वासुदेव यादव और बैजनाथ यादव के रूप में की गयी है। मामले को लेकर पीड़ित वासुदेव यादव ने थाने में आवेदन देकर सात लोगों के विरुद्ध जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज करायी है।
दर्ज प्राथमिकी में वासुदेव यादव ने आरोप लगाया है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने सोची-समझी साजिश के तहत उन पर हमला किया। हमले के दौरान गड़ासे के प्रहार से वासुदेव के हाथ की नस कट गयी। इसके अलावा लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई करने और ईंट-पत्थरों से कुचलने का आरोप लगाया गया है।
इन लोगों पर दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने इस मामले में पांचू गढ़ निवासी अमोद कुमार, प्रमोद कुमार, सुनील कुमार (पिता- राम प्रसाद यादव), सत्यम कुमार (पिता- प्रमोद कुमार), साहुल कुमार (पिता- राजेश कुमार) सहित इंदु देवी और रेणु देवी को नामजद आरोपित बनाया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष के आवेदन पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
भईया जी की रिपोर्ट