नवादा : जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के हदसा गांव में छापेमारी करने गयी पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने न केवल पुलिस के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की, बल्कि पुलिस की पकड़ में आ चुके वारंटी को जबरन भगा दिया। एसआइ परदेशी कुमार के बयान पर 14 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस सशस्त्र बल के साथ हदसा गांव में अभियुक्त गोपाल कुमार को पकड़ने गयी थी। पुलिस को देखते ही गोपाल छत से कूदकर भाग निकला और पास के एक बैठका में घुसकर भीतर से कुंडी लगा ली। पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, तो गांव के दर्जनों लोग वहां जुट गये और पुलिस का विरोध करने लगे।
पिस्तौल और मोबाइल छीनने की कोशिश
दर्ज प्राथमिकी में एसआइ परदेशी कुमार ने गंभीर आरोप लगाये हैं। उन्होंने बताया कि भीड़ ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया और अभद्र व्यवहार किया। लोगों पर पुलिस का सरकारी मोबाइल और पिस्तौल छीनने के प्रयास का आरोप है।
साक्ष्य जुटाने के लिए जब पुलिस ने वीडियो बनाना चाहा, तो लोगों ने मोबाइल छीनकर वीडियो बनाने से रोक दिया। इसी हंगामे का फायदा उठाकर भीड़ ने वारंटी गोपाल कुमार को भगा दिया। पुलिस ने हदसा गांव के मौसम सिंह, मनोज सिंह, गुड्डु सिंह, छोटी सिंह, गुंजन सिंह, विकास सिंह, तनुज सिंह, धनंजय सिंह, पप्पू सिंह, दीपक कुमार, गुलशन गोलू कुमार, विकास कुमार और दीपू सिंह सहित अन्य अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया है।
कहते हैं थानाध्यक्ष
थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालना और पुलिस के साथ अभद्रता करना गंभीर अपराध है। 14 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जायेगा।
भईया जी की रिपोर्ट