नवादा : राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-20 पर ट्रक लूट की वारदात को अंजाम देने वाले और पिछले करीब एक वर्ष से फरार चल रहे अंतरराज्यीय अपराधी को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अपराधी अपने साथियों के साथ हथियारों के बल पर ट्रक चालकों को बंधक बनाकर लूटपाट करता था।
सदर एसडीपीओ-1 हुलास कुमार ने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के बुधौल के पास बोकारो से सरिया लादकर पटना जा रहे एक ट्रक को छह अपराधियों ने मिलकर लूटा था। इस दौरान चालक को बंधक बना लिया गया था। कांड में संलिप्त बिहार और झारखंड के पांच अपराधियों को नवादा पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। गिरोह का मुख्य सरगना सूरज कुमार तभी से फरार चल रहा था।
झारखंड के कोडरमा से हुई गिरफ्तारी
एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर गठित एसआइटी और डीआइयू की टीम ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर झारखंड के कोडरमा जिले के डोमचांच थाना अंतर्गत बंगाई काला तेतरडीह गांव में छापेमारी कर वहां से आरोपित सूरज कुमार, पिता शिव प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, आरोपित नगर थाना कांड संख्या 775/25 में मुख्य अभियुक्त है और पिछले कई महीनों से गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था।
खंगाला जा रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने ट्रक लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी अन्य घटना में उसकी संलिप्तता पायी जाती है, तो उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जायेगी। फिलहाल, कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तारी से नेशनल हाइवे पर सक्रिय लुटेरों के गिरोह को बड़ा झटका लगा है।
भईया जी की रिपोर्ट