नवादा : जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक परिवार ने रात में नई इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी, लेकिन सुबह होते-होते वही स्कूटी हादसे की वजह बन गई। चार्जिंग के दौरान स्कूटी की बैटरी में जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद घर में भीषण आग लग गई और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। चार्जिंग के दौरान स्कूटी की बैटरी में जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद घर में भीषण आग लग गई।
चार्जिंग के दौरान हुआ धमाका
जानकारी के मुताबिक वारसलीगंज इलाके में वार्ड पार्षद छह द्वारा खरीदी गई नई इलेक्ट्रिक स्कूटी को रात करीब 9 बजे चार्जिंग पर लगाया गया था। करीब दो घंटे बाद बैटरी में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई।
घर का सामान जलकर खाक
हादसे में घर में रखा टीवी, पंखा, बाइक, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित के अनुसार करीब 3 से 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. साथ ही कई जरूरी दस्तावेज भी आग में जल गए।
किसी तरह बची जान
गनीमत रही कि घटना के वक्त घर में मौजूद लोगों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, हादसे के बाद इलाके में डर का माहौल है।
जांच में जुटी कम्पनी
स्कूटी मालिक ने घटना की जानकारी कंपनी को दी है। कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं कि आखिर नई स्कूटी में ब्लास्ट क्यों हुआ। रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण सामने आ पाएगा। घटना इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के दौरान सतर्क रहने की जरूरत को दिखाती है। विशेषज्ञों का मानना है कि चार्जिंग करते समय सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
भईया जी की रिपोर्ट