मोतिहारी में पुलिस से बर्खास्त और रिटायर्ड कर्मियों के एक लुटेरा गैंग का खुलासा हुआ है। यहां मुफस्सिल पुलिस ने इस सिलसिले में बर्खास्त पुलिसकर्मी और रिटायर्ड होमगार्ड समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इनके पास से खाकी वर्दी और 3 लग्जरी गाड़ियां बरामद की गईं हैं। बताया जाता है कि इस गैंग के सदस्य खाकी वर्दी, टोपी, बेल्ट और पुलिस आईडी का इस्तेमाल कर आम लोगों को निशाना बनाते थे और नकली चेकिंग के नाम पर लूटपाट करते थे। पुलिस ने गिरफ्तार पांचों लोगों को जेल भेज दिया है।
जानें कैसे हुआ खुलासा
मोतीहारी पुलिस ने हाल ही में एक मारपीट मामले में सफदर इमाम नामक शख्स को गिरफ्तार किया था और उसी की निशानदेही पर इस बड़े गैंग का सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर पूरे गैंग का भंडाफोड़ कर दिया। पकड़े गए आरोपियों में सफदर इमाम, लाल बहादुर राम (बर्खास्त पुलिसकर्मी), मोहम्मद आरिफ, राजेंद्र राय (रिटायर्ड होमगार्ड जवान), प्रभु लाल शाह (रिटायर्ड होमगार्ड जवान) शामिल हैं। ये सभी रात में वर्दी पहनकर लोगों को रोकते, नकली पुलिस चेकिंग करते और नोट डबिंग व लूट का खेल खेलते थे। गैंग में एक मिस्त्री भी शामिल था जो उनके ऑपरेशन में मदद करता था।
ये सामान हुए बरामद
मोतीहारी पुलिस ने गैंग के पास से भारी मात्रा में अवैध वस्तुएं बरामद की हैं जिसमें 4 पूरा खाकी वर्दी सेट, 4 पुलिस टोपी, 3 बेल्ट, 1 कोड खाकी, पुलिस जूते, 2 पुलिस बोर्ड, 4 पुलिस स्टिक, 1 आईडी कार्ड, पासबुक, नोटबुक, कमान पत्र, 4 मोबाइल फोन, नगद 1 लाख 81 हजार 200 रुपये और 3 लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। मोतिहारी एसडीपीओ ने बताया कि यह गैंग बिहार के कई जिलों में सक्रिय था और पुलिस की छवि को खराब करने का काम कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को देखकर तुरंत थाने में सूचना दें तथा रात में यात्रा करते समय सतर्क रहें।