नवादा : जिले की फतेहपुर-नरहट मुख्य मार्ग पर अकबरपुर थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 10 वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। मृतका की पहचान अकबरपुर पूर्व प्रमुख रेणु देवी पति प्रदीप सिंह की दस वर्षीय नतीनी के रूप में की गयी है। परिजनों द्वारा आनन फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए जहां इलाज के क्रम में मौत हो गयी।घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने फतेहपुर-नरहट रोड को जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारी मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर लोगों को समझाने-बुझाने और जाम हटवाने का कार्य किया। जाम से भीषण गर्मी में व शादी विवाह के मौसम में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
भईया जी की रिपोर्ट