नवादा : अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए जिले में संचालित आवासीय विद्यालयों में इण्टरमिडिएट कक्षाओं में नामांकन का सुनहरा अवसर उपलब्ध है। इन विद्यालयों में नामांकन प्राप्त कर छात्र-छात्राएँ सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न निःशुल्क सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
जिला कल्याण पदाधिकारी प्रकाश प्रिय रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग की छात्राएँ अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, तेयार, अकबरपुर, नवादा की कक्षा 11वीं में नामांकन हेतु बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के ओएफएसएस पोर्टल पर विद्यालय कोड 23245 के अंतर्गत आवेदन कर सकती हैं। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 अप्रैल 2026 कर दी गई है।
इसी प्रकार जिले में संचालित तीन डॉ. भीमराव अम्बेडकर आवासीय विद्यालय में कक्षा 11वीं में नामांकन हेतु 10वीं परीक्षा उत्तीर्ण छात्र-छात्राएँ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के पोर्टल पर जाकर 27 अप्रैल 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इन सभी आवासीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को निःशुल्क आवासन, भोजन, पोशाक, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाती हैं।
साथ ही, छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में दैनिक उपयोग की सामग्री जैसे तेल, साबुन, बेडशीट, जूता आदि की खरीद हेतु डीबीटी के माध्यम से लगभग ₹8,000 प्रतिवर्ष की राशि भेजी जाती है। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रति सप्ताह चिकित्सीय जाँच की व्यवस्था की गई है। साथ ही उनके सर्वांगीण विकास हेतु खेल-कूद, योग कक्षाएँ एवं मोटिवेशनल सत्र भी समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं।
भईया जी की रिपोर्ट