-कई शिकायतों का ऑन द स्पॉट समाधान
नवादा : जिलाधिकारी, रवि प्रकाश के निर्देशानुसार जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।जिला स्तर पर जनसुनवाई का आयोजन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में किया गया।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों द्वारा कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा कई शिकायतों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को जाँचोपरांत आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
जनसुनवाई के दौरान थाना-नवादा सदर, ग्राम-गोनावा के अमरेंद्र कुमार सिंह द्वारा नाली एवं रास्ता अवरुद्ध करने के संबंध में, थाना-नवादा सदर, ग्राम-गोडधोवा के नवल पासवान द्वारा दाखिल-खारिज पर रोक लगाने के संबंध में, थाना-सिरदला, ग्राम-सिंघौल के सोनू यादव द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराने के संबंध में तथा थाना-कौआकोल, ग्राम-उखरिया टोला की अनोखी कुमारी द्वारा नल-जल से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य परिवादियों द्वारा भी विभिन्न प्रकार की शिकायतें दर्ज कराई गईं।
जिलाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसी क्रम में अपर समाहर्ता, सदर/रजौली अनुमंडल सहित जिले के ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया।
बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय “सबका सम्मान-जीवन आसान (Ease of Living)” का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को अधिक सरल, सहज एवं सम्मानजनक बनाना है। इस निश्चय के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया गया है कि आमजनों को सरकारी कार्यालयों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उक्त उद्देश्य की प्राप्ति हेतु प्रत्येक सप्ताह सोमवार एवं शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में जनसुनवाई की व्यवस्था लागू की गई है।
भईया जी की रिपोर्ट