पिपरा (पूर्वी चंपारण) : नशा मुक्ति अभियान और स्पेशल ड्राइव के तहत पिपरा थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध युवक को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। संदिग्ध युवक के पास से पुलिस को लगभग 47 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के नारायण पकड़ी गांव का निवासी सचित कुमार सिंह के बेटा नागेश्वर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा ली गई तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 47 ग्राम गांजा जैसा प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सामग्री को जब्त कर, उसे लैब टेस्टिंग के लिए भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार युवक का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी कई मामलों में संलिप्त रहा है, जिसके कारण पुलिस की विशेष टीम उस पर लगातार नजर रख रही थी। एक नियमित पुलिस जांच और विशेष चेकिंग अभियान के दौरान जब उसे संदिग्ध स्थिति में रोका गया, तब इस मामले का खुलासा हुआ।
पिपरा थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ यह कार्रवाई एक निरंतर चलने वाले अभियान का हिस्सा है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।