मुंगेर के सफियासराय थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर चंदन कुमार को अपनी पत्नी मधु कुमारी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दो दिन पूर्व आवास में दारोगा की सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली सीधे उनकी पत्नी मधु को जा लगी थी जिससे उसकी मौत हो गई। शुरुआत में घटना को आत्महत्या बताया गया, लेकिन मृतका के परिजनों के आरोपों के बाद पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर दारोगा को गिरफ्तार कर लिया। मृतका के पिता रंजीत कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि मधु अपने भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और 7 फरवरी 2025 को बड़े धूमधाम से सब-इंस्पेक्टर चंदन कुमार से उसकी शादी हुई थी।
पिता ने साफ कहा कि सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर मेरी बेटी की घर में हत्या की गई है। साल भर पहले ही हमने बेटी की शादी की थी। परिजनों का दावा है कि दारोगा चंदन कुमार का एक महिला पुलिसकर्मी के साथ घनिष्ठ संबंध था। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहता था। मृतका की मां और मौसी ने बताया कि मधु का स्वभाव बहुत मजबूत था और वह कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि महिला सब-इंस्पेक्टर जो बरियारपुर थाने में तैनात है, से संबंधों के कारण दारोगा चंदन उनकी बेटी को बराबर प्रताड़ित किया करता था। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मधु कुमारी और चंदन कुमार के बीच पढ़ाई के दौरान प्रेम संबंध था। करीब 10 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद परिवार को अंतरजातीय विवाह के लिए राजी किया गया। 7 फरवरी 2025 को दोनों की शादी धूमधाम से हुई। शादी के बाद चंदन के कथित महिला सब-इंस्पेक्टर से संबंधों को लेकर दंपति के बीच अक्सर झगड़े होने लगे। परिजनों के अनुसार घटना वाले दिन भी दोनों पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ। इसी दौरान चंदन कुमार की सर्विस रिवॉल्वर से गोली चल गई और मधु कुमारी की मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि चंदन ने जानबूझकर अपनी पत्नी को गोली मारी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दारोगा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मुंगेर एसपी ने बताया कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर द्वारा घटना में इस्तेमाल सर्विस रिवॉल्वर को जब्त कर लिया गया है और फिलहाल एफएसएल टीम हथियार की जांच कर रही है। साथ ही जिस महिला पुलिसकर्मी पर अवैध संबंध का आरोप लगा है, उसकी भी जांच की जा रही है।