नवादा : वन विभाग द्वारा हाथियों को गोविन्दपुर से निकालने के लिए पूरी रात विशेष अभियान चलाया गया। परिणामस्वरूप हाथियों के झुंड को झारखंड के कोडरमा की सीमा से सटे रजौली के झेरकी-तेलमो-करनपुर जंगल में सुबह शिफ्ट कर दिया गया। इस अभियान में रेस्क्यू टीम का नेतृत्व कर रहे वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रेष्ठ कुमार कृष्णा जख्मी हो गये।
अंधेरे में जंगलों में उनका पैर एक गड्ढे में पड़ गया जिससे वे गिर पड़े और उनके पैर में फ्रैक्चर आ गया। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोविन्दपुर से लेकर रजौली तक करीब 20-25 किमी जंगलों में बांकुड़ा की टीम के साथ नवादा, रजौली, कौआकोल के रेंज पदाधिकारियों के अलावा जमुई जिले की वन विभाग की टीम शामिल थी।
दो हाथी छूट गये गोविन्दपुर में
बताया जाता है कि 26 हाथियों के झुंड में से दो हाथी गोविन्दपुर के माधोपुर के जंगलों में छूट गये हैं। मची अफरातफरी के बीच दो हाथी जंगलों में ही रह गये। इन्हें रजौली के झेरकी जंगल में उनके साथियों के साथ भेज दिया जाएगा। इसके लिए देर रात अभियान चलाया जाएगा।
वन विभाग के मुताबिक रात हाथियों का मूवमेंट अचानक चेंज हो गया। वे झारखंड की ओर जाने की बजाय गोविन्दपुर के सुघड़ी, पिपरा व पुरैनी की ओर निकल गये जिसके कारण वन विभाग की टीम को काफी परेशानी हुई। ग्रामीणों की भीड़ के लिए पहुंची पुलिस:- गोविन्दपुर के माधोपुर के समीप ग्रामीणों की भीड़ अनियंत्रित हो गयी। हाथियों को देखकर ग्रामीण चिल्लाने लगे। वन विभाग की टीम को भी ग्रामीणों के कोपभाजन का दंश झेलना पड़ा। इस बीच गोविन्दपुर व थाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की। काफी देर बाद स्थिति सामान्य हुई और वन विभाग ने अभियान शुरू किया।
एक पखवारे से मचा है आतंक
हाथियों का आतंक गोविन्दपुर व इसके आसपास के इलाके में पिछले एक हफ्ते से मचा है जिसमें जान व माल का नुकसान भी हो चुका है। थाली थाना क्षेत्र के माधोपुर व रजौली इलाके में दो लोग हाथी का शिकार हो चुके हैं। साथ ही एक मवेशी भी हाथियों का शिकार हो चुका है। वहीं घर-मकान व खेत-खलिहान में फसलों क़ो काफी नुकसान पहुंचा है। रेस्क्यू टीम द्वारा हाथियों को बार-बार भगाया जाता है, परंतु वे घूमकर वापस गोविन्दपुर इलाके में आ जाते हैं जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना है।
कहते हैं अधिकारी:- रात में ऑपरेशन चलाकर हाथियों के झुंड को गोविन्दपुर से झारखंड से सटे रजौली के झेरकी जंगल में शिफ्ट कर दिया गया है। दो हाथी छूट गये हैं। इन्हें माधोपुर से निकालकर झेरकी जंगल में हाथियों के झुंड से मिला दिया जाएगा। हाथियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऑपरेशन के दौरान पैर में चोट लगी है।
भईया जी की रिपोर्ट