सीतामढ़ी में डुमरा की अंचलाधिकारी (सीओ) डॉली कुमारी झा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। उन पर काम में और सीएम नीतीश के प्रोग्राम में लापरवाही बरतने के आरोप हैं। इसके अलावा राजस्वी वसूली समेत कई गंभीर वजहों से उन्हें निलंबित किया गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से जारी आदेश में उनके खिलाफ कई गंभीर प्रशासनिक आरोप लगाए गए हैं। उन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में भी लापरवाही बरतने का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डॉली कुमारी पर प्रशासनिक कामों में लापरवाही, विभागीय निर्देशों की अनदेखी और राजस्व वसूली में लक्ष्य से काफी पीछे रहने जैसे आरोप हैं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अवर सचिव अरविंद के जारी आदेश में न केवल निलंबन की पुष्टि की गई है, बल्कि उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की भी अनुशंसा की गई है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें पूर्णिया आयुक्त कार्यालय में तैनात करने का निर्देश दिया गया है।
राजस्व वसूली में ठीक नहीं था परफॉर्मेंस
सीओ पर सबसे अहम आरोप मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियों में कमी का है। बताया गया है कि सीएम के दौरे से पहले जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं की गईं, जिसे विभाग ने गंभीर चूक माना है।. इसके अलावा उपमुख्यमंत्री सह विभागीय मंत्री के भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम में उनकी अनुपस्थिति को भी विभागीय आदेश की अवहेलना माना गया। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही प्रशासनिक अनुशासन के खिलाफ है और इससे सरकारी कामकाज पर नकारात्मक असर पड़ता है। यह भी सामने आया है कि मार्च 2026 में चलाए गए मतदाता जागरूकता अभियान से जुड़े निर्देशों का पालन भी नहीं किया गया। अभियान से संबंधित खर्च और उपयोगिता प्रमाण-पत्र समय पर जमा नहीं किए गए, जिससे वित्तीय पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए हैं। राजस्व वसूली के मोर्चे पर भी डुमरा अंचल का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं पाया गया, जो विभाग की नाराजगी की बड़ी वजह बना।