पटना/बाढ़ : प्रतिबंधित क्षेत्रों में मांस बिक्री पर रोक संबंधी सरकारी निर्देशों का पालन नहीं होने को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल के सदस्यों ने अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) और नगर परिषद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।विहिप कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सरकार द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद अनुमंडल एवं नगर परिषद क्षेत्र के प्रतिबंधित स्थानों पर खुलेआम मांस की बिक्री जारी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मांस बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के आदेश को प्रशासन द्वारा गंभीरता से लागू नहीं किया जा रहा है।
बताया गया कि उपमुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा दिए गए निर्देश के करीब डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी बाढ़ नगर परिषद प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। निर्देश में बिना लाइसेंस संचालित दुकानों पर कार्रवाई कर उन्हें सील करने की बात भी कही गई थी, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन नहीं हो रहा है।
इस मुद्दे को लेकर विहिप के प्रांत गौ-रक्षा प्रमुख विक्की हिन्दू, जिला सेवा प्रमुख संतोष कुमार समेत कई कार्यकर्ताओं ने एसडीओ गरिमा लोहिया एवं नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन से अवैध रूप से संचालित मांस दुकानों पर तत्काल रोक लगाने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है। विहिप ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आगे आंदोलन करने को बाध्य होगा।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट