अरवल में बाइक पर जा रहे एक दारोगा को तेज रफ्तार ट्रक ने बीती रात बेलखारा स्टेट हाईवे—68 पर कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल सब इंस्पेक्टर मनु कुमार को आनन—फानन में अरवल सदर अस्पताल में प्राथमिक चिकित्सा के बाद पटना एम्स ले जाया गया जहां देर रात उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दारोगा अपनी बाइक से अरवल जा रहे थे, इसी क्रम में रामपुर थाना क्षेत्र के सुखी बिगहा गांव के समीप ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। पटना एम्स में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इधर हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस अब दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपी ट्रक और चालक की पहचान की जा सके। इस हादसे के बाद अरवल पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
पहले सदर अस्पताल, फिर एम्स रेफर
इस घटना के बाद पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार एसआई मोनू कुमार क्राइम मीटिंग में शामिल होने के लिए अरवल जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी बाइक चूर—चूर हो गई, जबकि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सदर अस्पताल अरवल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया। पटना एम्स में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं।
हादसे के बाद मौके से ट्रक चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। लोगों ने बताया कि ट्रक ने बहुत जोरदार टक्कर मारी, जिससे तेज आवाज हुई और आसपास के लोग वहां जुट गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने घायल पुलिस अधिकारी को अस्पताल पहुंचाया और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फरार ट्रक और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। अधिकारियों ने दुख जताते हुए मृतक के परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है। जिले के एसपी भी मौके पर पहुंचे और दुख व्यक्त किया। उन्होंने मौजूद पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द हादसे के जिम्मेदार ट्रक और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाए।