नवादा : जिला पदाधिकार श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैर संचारी रोग, टीबी उन्मूलन, टीकाकरण, एचपीवी वैक्सीनेशन, संस्थागत प्रसव, डायरिया नियंत्रण सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। एचपीवी वैक्सीनेशन की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि सभी प्रखंडों के 755 स्कूलों में से 313 स्कूलों का माइक्रोप्लान तैयार किया जा चुका है। इसके अंतर्गत प्रथम खुराक के रूप में 13,821 एवं द्वितीय खुराक के रूप में 1,785 का टीकाकरण पूर्ण किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों एवं आशा कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर गांवों एवं नगर क्षेत्रों में वैक्सीनेशन के प्रति लोगों को जागरूक करें तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देश दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें तथा आने वाले प्रत्येक मरीज की समुचित जांच एवं उपचार किया जाए। मरीजों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसके लिए व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने तथा भव्या ऐप का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मरीजों को दी जा रही दवाओं की नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित करने का आदेश दिया। भीषण गर्मी को देखते हुए सिविल सर्जन को हीट वेव एवं AES/JE से संबंधित वार्डों को चिन्हित कर आवश्यक तैयारी पूर्ण रखने का निर्देश दिया।
जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा परिवार नियोजन कार्यक्रम की समीक्षा की गई। इस दौरान FPLMIS एवं एनीमिया मुक्त भारत (AMB) कार्यक्रम की प्रगति का आकलन किया गया। सभी स्वास्थ्य संस्थानों एवं आशा कार्यकर्ताओं को FPLMIS पोर्टल पर सक्रिय रखते हुए परिवार नियोजन सेवाओं के विस्तार पर विशेष बल देने का निर्देश दिया। साथ ही, FDS प्लान के तहत नसबंदी सेवाओं को सुदृढ़ करने एवं DQAC बैठक आयोजित कर नव-नियुक्त सर्जनों के पैनलमेंट की प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा गया।
एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के अंतर्गत आयरन सिरप एवं IFA टैबलेट्स के वितरण, मासिक प्रतिवेदन एवं समय पर इंडेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। इसके साथ ही बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के 19 पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की जा चुकी हैं। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, अस्पताल उपाधीक्षक, संचारी रोग पदाधिकारी, डीपीएम स्वास्थ्य, डीआईओ सहित सभी एमओआईसी, बीएचएम एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट