नवादा : बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव झारखंड राज्य की राजधानी रांची से वापसी के क्रम में पूर्व मंत्री व सदर विधायक विभा देवी के आवास पथरा इंग्लिश पहुंचे। बिलम्ब से ही सही लेकिन पहुंचते ही उन्होंने स्व अखिलेश यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने पूर्व मंत्री राजवल्लभ यादव व विधायक विभा देवी से मुलाकात कर कनिष्ठ सुपुत्र की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए धैर्य कर जनहित में कार्य करने की नसीहत दी। उन्होंने कहा मौत किसी की हो लेकिन वह दुखदाई होता है। खासकर मां -पिता के सामने पुत्र की मौत असहनीय होती है। इस क्रम में पूर्व मंत्री राजवल्लभ यादव ने धर्मशिला मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल से संबंधित जांच प्रतिवेदन की प्रति नेता प्रतिपक्ष को उपलब्ध करायी।
मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य सह जिला पेट्रोलियम पंप एसोसिएशन अध्यक्ष मथुरा यादव, राजद जिलाध्यक्ष उदय यादव, श्रवण कुशवाहा समेत सैकड़ों राजद कार्यकर्ता समेत शंभु विश्वकर्मा आदि मौजूद थे। इसके पूर्व राजद कार्यालय पहुंच कार्यकर्ताओं व पूर्व विधायक कौशल यादव व पूर्व विधान पार्षद सलमान रागिव से मुलाकात की। इसके पूर्व झारखंड सीमा से रजौली प्रवेश करते ही पैक्स अध्यक्ष सह प्रमुख प्रतिनिधि बब्लू यादव ने अपने समर्थकों के साथ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
भईया जी की रिपोर्ट