समस्तीपुर के शिवाजीनगर में बीते दिन हुए एक दर्दनाक हादसे में तीन सगे भाइयों की करेह नदी में डूबने से मौत हो गई। दिल्ली में रहकर पढ़ाई करने वाले ये तीनों भाई अपने पिता के साथ रामनवमी मनाने अपने बोरज गांव आए थे। बीते दिन गांव से सटी करेह नदी में तीनों नहाने गए थे। इसी दौरान करेह नदी के गहरे पानी में तीनों चले गए जिससे डूबकर तीनों सगे भाइयों की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। डूबकर मरने वाले भाइयों में आदित्य झा (17 वर्ष), हर्षनाथ झा(15 वर्ष) एवं कार्तिक झा (13 वर्ष) शामिल हैं। यह हादसा तीनों ही भाइयों के गहरे पानी में चले जाने कारण हुआ।
जानकारी के अनुसार घटना हथौड़ी थाना क्षेत्र के बरियाही घाट के समीप करेह नदी में घटी। यहां परसा पंचायत के बोरज गांव निवासी सुदर्शन झा का पुत्र आदित्य झा, हर्षनाथ झा एवं कार्तिक झा बरियाही घाट के समीप करेह नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान सभी नहाते—नहाते गहरे पानी में चले गए और तेज धार मे बह गए। इस घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई जिसके बाद गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। मृतक तीनों भाई क्रमश: कक्षा 10वीं, 9वीं और 8वीं में पढ़ाई कर रहे थे। जानकारी के अनुसार तीनों भाई अपने माता-पिता के साथ दिल्ली में रहकर पढ़ाई करते थे। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
सूत्रों ने बताया कि मौके पर प्रशासनिक पदाधिकारी और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम ने पहुंचकर खोजबीन शुरू की। गोताखोरों की मदद से तीनों शवों को देर रात बरामद कर लिया गया। फिलहाल शवों को पोस्टमाटर्म के लिये समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक सगे भाइयों के पिता सुदर्शन कुमार झा दिल्ली के नेहाल विहार इलाके में गार्ड की नौकरी करते हैं। रामनवमी के अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी पूरा परिवार गांव आया था। गांव के हनुमान मंदिर में ध्वजारोहण की परंपरा निभाने के लिए सुदर्शन कुमार झा स्वयं उपस्थित हुए थे। उनके पिता उक्त मंदिर के पुजारी हैं, जिसके कारण हर वर्ष पर्व-त्योहार पर पूरा परिवार गांव आता है।