सिवान में जीप और ऑटो-रिक्शा की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प के मामले में राष्ट्रीय जनता दल विधायक और पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा साहब को नामजद किया गया है। जीप और ऑटो-रिक्शा की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच दो दिन पहले हिंसक झड़प के मामले में राजद विधायक ओसामा पर पुलिस ने एम.एच. नगर थाने में FIR दर्ज की है। सिवान एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि इस मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक शिकायत जीप में सवार चंदन सिंह की ओर से और दूसरी ऑटो-रिक्शा चालक डब्लू खान की ओर से दर्ज कराई गई है। यह घटना दो दिन पूर्व एम.एच. नगर थाना क्षेत्र के सेमारी गांव में हुई थी। एसपी ने बताया कि चंदन सिंह और उनके समर्थकों की शिकायत के आधार पर विधायक ओसामा साहब का नाम प्राथमिकी में शामिल किया गया है।
क्या है पूरा मामला, कैसे हुई हिंसा
दरअसल, दो दिन पूर्व एमएच नगर थाना क्षेत्र में डिब्बी निवासी कुख्यात चंदन सिंह तीन स्कॉर्पियो वाहनों के काफिले के साथ किसी कार्यक्रम से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिमरी गांव के पास बैट्री ऑटो चालक ऐनुल हक से साइड लेने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ऑटो चालक के समर्थन में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। चंदन सिंह के मौके पर मौजूद होने की खबर फैलते ही स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। उग्र ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो वाहनों पर हमला कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एमएच नगर थाने की दारोगा मधुरिमा मनीषा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। लेकिन इस दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया, जिसमें होमगार्ड जवान कमलेश प्रसाद घायल हो गए। स्थिति बिगड़ते देख आसपास के कई थानों की पुलिस को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया और स्कॉर्पियो सवार लोगों को सुरक्षित थाने ले जाया गया।
चंदन सिंह की स्कॉर्पियों पर हमला
इस मामले में जहां एक ओर ऑटो चालक ने फायरिंग का आरोप लगाया, वहीं चंदन सिंह ने राजद विधायक ओसामा शहाब और उनके करीबी पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। इस पूरे मामले में अब तक तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। ऑटो चालक ऐनुल हक ने थाने में दिए आवेदन में चंदन सिंह और उनके साथियों पर मारपीट और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वह हसनपुरा से जलालपुर जा रहा था, तभी स्कॉर्पियो सवार लोगों ने रास्ता रोककर हमला कर दिया। इस मामले में चंदन सिंह समेत सूरज कुमार, मनीष कुमार, रवि कुमार सिंह, विकास कुमार और तरुण कुमार सिंह को आरोपित किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह जांच की जा रही है कि घटना में विधायक ओसामा साहब की किसी प्रकार की संलिप्तता थी या नहीं। इस मामले को लेकर पुलिस ने एक अन्य प्राथमिकी भी दर्ज की है जिसमें दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है और उसमें विधायक का नाम शामिल नहीं है। पुलिस के अनुसार वाहन टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आईं। एक अधिकारी ने बताया कि घटना के पीछे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता भी कारण हो सकती है। मालूम हो कि ओसामा साहब ने 2025 के विधानसभा चुनाव में सिवान जिले की रघुनाथपुर सीट से चुनाव जीतकर राजनीति में पदार्पण किया था। फिलहाल इस मामले में उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।