– दहशत फैलाने के लिये वाहनों व चालकों को बनाया जा रहा निशाना
नवादा : जिले के एकमात्र पत्थर खनन उद्योग पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। कारण स्पष्ट है अभिकर्ता समेत वाहन चालकों से रंगदारी की मांग। इंकार करने पर वाहनों पर पथराव व चालकों की पिटाई। ऐसे में प्रशासन की चुप्पी आग में घी डालने का काम कर रहा है।
बताया जाता है कि काफी मशक्कत के बाद पन्द्रह दिनों से पहाड़ में ब्लास्ट व पत्थर तोड़ने का कार्य आरंभ हुआ। जिलेवासियों के साथ आसपास के जिले के विभिन्न विभागों के ठेकेदारों व भवन निर्माण के इच्छुक लोगों ने राहत की सांस ली। पत्थरों की बिक्री आरंभ हुई। लेकिन पहले तो खखंदुआ के ग्रामीणों ने रोजगार की मांग की बाद में रोजगार के बजाय रंगदारी की मांग पर अड़ गये लेकिन अभिकर्ता समेत वाहन मालिकों ने रंगदारी देने से इंकार कर दिया। परिणाम हुआ कि 4/5 गाड़ियों को हथियारों से लैस असामाजिक तत्वों द्वारा ट्रकों का शीशा तोड़ दिया।
सूचना के आलोक में पहुंची 112 पुलिस ने चालक एवं उपचालक को हॉस्पिटल पहुंचाकर जख्मी का इलाज कराया। घायल पिंटू कुमार पिता राजेंद्र यादव ग्राम पहाड़पुर थाना वजीरगंज जिला गया का रहने वाला है। घटना के बाद ट्रक चालकों में दहशत छाया हुआ है। आश्चर्य यह कि पुलिस की 112 टीम ने जख्मियों को अस्पताल पहुंचा अपने कर्तव्य की इतिश्री कर ली तो थाली थानाध्यक्ष ने नोटिस तक नहीं लिया। ऐसे में कोई बड़ी घटना हो जाय तो आश्चर्य नहीं।
भईया जी की रिपोर्ट