– ठेला भेंडरों को दी गयी वितरण की जिम्मेदारी
नवादा : राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मार्च 2026 के लिए अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को किरोसिन तेल का आवंटन किया जाएगा। इसके तहत जिले के सभी 14 प्रखंडों और नगर निकायों में कुल मिलाकर 2,59,237 लीटर केरोसिन तेल का वितरण किया जाना है। विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 2,66,308 अंत्योदय कार्डधारी परिवार चिह्नित हैं, जिनमें से 2,29,025 परिवारों को लाभान्वित कराने का लक्ष्य रखा गया है। उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों की ऊर्जा जरूरतों और रसोई गैस के महंगे होते विकल्पों को देखते हुए जन वितरण प्रणाली के माध्यम से किरासन तेल के वितरण का निर्णय लिया है।
सरकार की मंशा है कि उज्ज्वला योजना और एलपीजी के बढ़ते दामों के बीच ग्रामीण गरीब परिवारों को खाना पकाने के लिए किरासन के रूप में एक सस्ता विकल्प दिया जाए। विशेषकर उन सुदूर ग्रामीण इलाकों में जहां बिजली की अनियमितता रहती है, वहां ऊर्जा की जरूरतों को पूरा करने के लिए यह आवंटन संजीवनी साबित हो सकता था। लेकिन सूचना के अभाव में यह राहत फिलहाल आम आदमी की पहुंच से दूर है। प्रखंडवार आवंटन निर्धारित:- जिले के सभी क्षेत्रों में तेल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए थोक विक्रेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवादा सदर एवं नवादा नगर क्षेत्र में 33 ठेला वेंडरों के माध्यम से 6,600 लीटर तेल का वितरण होगा।
नवादा प्रखंड में सबसे अधिक 27,893 कार्डधारियों के लिए 27,938 लीटर तेल आवंटित किया गया है। नारदीगंज प्रखंड में 15,190 कार्डधारी हैं, जिनके लिए 13,669 लीटर तेल का कोटा निर्धारित किया गया है। हिसुआ नगर परिषद में 14 डीलरों के जरिए 2,800 लीटर, जबकि हिसुआ प्रखंड में 13,060 लीटर तेल वितरित होगा। वारिसलीगंज नगर परिषद के लिए 400 लीटर और प्रखंड क्षेत्र के 18,806 कार्डधारियों के लिए 16,173 लीटर तेल की खेप भेजी जा रही है। काशीचक प्रखंड में कुल 7,120 राशन कार्डधारी हैं, जिनके लिए 6,123 लीटर तेल का आवंटन हुआ है। पकरीबरावां प्रखंड में 25,088 कार्डधारियों के लिए भारी मात्रा में यानी 22,176 लीटर तेल का आवंटन किया गया है।
जिले के सुदूर क्षेत्रों में शामिल कौआकोल में 23,097 कार्डधारियों के लिए 21,263 लीटर तेल की आपूर्ति की जाएगी। रजौली प्रखंड में 22,625 कार्डधारियों के लिए 19,858 लीटर तेल का आवंटन सुनिश्चित हुआ है। गोविन्दपुर प्रखंड के 12,863 कार्डधारियों के लिए 11,860 लीटर तेल दिया जाएगा। जिले के बड़े प्रखंडों में शामिल अकबरपुर के 26,789 कार्डधारियों के लिए 24,239 लीटर तेल का कोटा जारी किया गया है। रोह प्रखंड में 21,610 कार्डधारियों के लिए 18,785 लीटर तेल आवंटित है। सिरदला प्रखंड में 21,752 कार्डधारियों के लिए 19,307 लीटर तेल का प्रावधान किया गया है। मेसकौर प्रखंड के 14,119 कार्डधारियों के लिए 12,507 लीटर तेल की आपूर्ति होगी। जबकि नरहट प्रखंड में 14,673 कार्डधारियों के लिए 12,839 लीटर तेल आवंटित किया गया है।
थोक विक्रेताओं को दिया गया आपूर्ति का जिम्मा
तेल के सुचारू वितरण के लिए जिले के विभिन्न थोक विक्रेताओं को प्रखंड आवंटित किए गए हैं। मैसर्स अग्रवाल पेट्रोल सप्लाई कंपनी, नवादा 25,862 लीटर, मैसर्स रश्मि ट्रेडर्स, नवादा 36,618 लीटर, मैसर्स जीके पाड़िया 106 लीटर, मैसर्स अमर ज्योति, पकरीबरावां 24,418 लीटर, मैसर्स आदर्श एजेंसी, छोटा शेखपुरा, नरहट 36,092 लीटर, मैसर्स राधा कुमार लाल, हिसुआ 3,407 लीटर एवं मैसर्स वैष्णों देवी किरोसिन एजेंसी, वारिसलीगंज 1,32,734 लीटर किरासन तेल की आपूर्ति करने के लिए अधिकृत किए गए हैं।
——– केरासिन तेल का वितरण पारदर्शी हो
प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी डॉ राजकुमार ने स्पष्ट किया है कि अंत्योदय परिवारों को केरासिन तेल का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। इसके लिए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और आपूर्ति निरीक्षकों को निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। थोक विक्रेताओं को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर डीलर स्तर तक तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करें ताकि गरीब परिवारों को ईंधन के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में 108 ठेला वेंडरों को विशेष रूप से तेल वितरण के लिए तैनात किया गया है, जो सीधे कार्डधारियों को तेल उपलब्ध कराएंगे। जिले में प्रति कार्ड औसतन तेल की मात्रा और वितरण की दरें विभाग द्वारा पहले ही तय की जा चुकी हैं।
भईया जी की रिपोर्ट