नालंदा में आज सोमवार की सुबह—सुबह NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) और बिहार ATS ने एक साथ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यहां दोनों ही जांच एजेंसियों की कई टीमों ने लहेरी थाना क्षेत्र के लहेरी मोहल्ले में कई ठिकानों पर एकसाथ दबिश दी। शहर के चर्चित पीके गन हाउस समेत छह अलग-अलग ठिकानों पर तड़के 4:30 बजे से ही छापेमारी शुरू कर दी गई। यह पूरी कार्रवाई अवैध हथियारों की तस्करी, स्मगलिंग और संदिग्ध सिंडिकेट को खत्म करने के लिए की जा रही है। मामला कुछ समय पूर्व लहेरी थाना क्षेत्र के सोहनकुआं इलाके से अजीजघाट निवासी मो. परवेज की गिरफ्तारी से जुड़ा है। परवेज के पास से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए थे, जिसमें AK-47 के कारतूस भी शामिल थे।
100 अफसरों की टीम ने तड़के मारा छापा
NIA और बिहार ATS के इस संयुक्त ऑपरेशन में करीब 100 पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम शामिल है, जो 6 अलग-अलग ठिकानों को घेरकर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब चार-साढ़े चार बजे के बिच जांच एजेंसियों के लगभग 10 वाहनों के काफिले ने बिहार शरीफ के लहेरी इलाके को चारों ओर से घेर लिया। उनका मुख्य निशाना राम प्रवेश कुमार का PK गन हाउस एंड संस था, जो लहेरी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है। टीम फिलहाल दुकान के अंदर मिले हथियारों के स्टॉक, लाइसेंस और दस्तावेजों की क्रॉस-चेकिंग कर रही है। पुख्ता सबूत जुटाने के लिए पूरी छापेमारी की वीडियोग्राफी भी की जा रही है।
परवेज आलम और AK-47 का कनेक्शन
सूत्रों के मुताबिक, यह छापेमारी मोहम्मद परवेज आलम से जुड़े एक मामले से जुड़ी है, जिसे चार महीने पहले गिरफ्तार किया गया था। 18 दिसंबर 2025 को परवेज को जमशेदपुर के चार अन्य युवकों के साथ गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों ने उनके पास से AK-47 के 153 कारतूस और चीन में बनी एक पिस्तौल बरामद की थी। जांच एजेंसियों को शक है कि इस गन हाउस का इस्तेमाल अवैध गोला-बारूद की गैर-कानूनी आवाजाही और सप्लाई चेन को आसान बनाने के लिए एक माध्यम के तौर पर किया जा रहा था। NIA की टीम ने अपना ऑपरेशन सिर्फ गन हाउस तक ही सीमित नहीं रखा। उन्होंने कई संदिग्धों के घरों पर भी छापेमारी की। विशेष रूप से, टीम ने जेल में बंद हथियार तस्कर सत्येंद्र प्रसाद के चीकसौरा और हिलसा के राममूर्ति नगर में स्थित ठिकाने पर छापेमारी की है।
कुल 10 टीमें, अन्य जगहों पर भी छापे
खबर है कि एजेंसियों की एक टीम ने संदिग्धों की तलाश में इस्लामपुर के सकरी गांव में भी छापा मारा है। लहेरी थान क्षेत्र कर सोहनकुआं में भी एक दूसरे ठिकाने पर छापा मारा गया है। इस ऑपरेशन को लेकर काफी गोपनीयता बरती गई थी। स्थानीय पुलिस को भी पहले से इस रेड की जानकारी नहीं थी। लगभग 100 अफसरों की टीम ने पहले से चिन्हित ठिकानों को घेर लिया। इस पूरी कार्रवाई के लिए कुल 10 टीमों का गठन किया गया है। लहेरी थानाध्यक्ष के अनुसार, उन्हें टीम के साथ जाने के लिए केवल दो पुलिसकर्मियों को तैनात करने का निर्देश दिया गया था, जबकि बाकी ऑपरेशन NIA खुद संभाल रही है। छापों के दौरान पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और आम जनता की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।