गोपालगंज के कटेया थानाक्षेत्र अंतर्गत गौरा गांव में बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज एक पिता ने अपनी 19 वर्षीया जवान बेटी की लोहे की रॉड और टेबल फैन से पीट—पीटकर मार डाला। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू की है। पुलिस ने आरोपी पिता को ऑनर किलिंग के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना बीती रात कटेया थाना क्षेत्र के गौरा गांव में घटित हुई है। ग्रामीणों के अनुसार 19 वर्षीया युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे पिता पहले से ही काफी नाराज़ था। मृतका का नाम मोनिका कुमारी बताया जाता है जो आरोपी पिता जनार्दन कमकर की बेटी थी।
जानें क्या है पूरा मामला? पिता बंदी
पुलिस के अनुसार गौरा गांव निवासी जनार्दन कमकर की 19 वर्षीय पुत्री मोनिका कुमारी का गांव के ही एक युवक के साथ काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिता को भी यह बात पता चली लेकिन उसे यह रिश्ता मंजूर नहीं था। इसको लेकर पिछले कई महीनों से घर में विवाद चल रहा था। मोनिका बीए की छात्रा थी। रविवार की रात इसी बात को लेकर पिता और बेटी के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि गुस्से में आकर जनार्दन कमकर ने पहले उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद उन्होंने घर में रखे लोहे के टेबल फैन और रॉड से उस पर हमला कर दिया। पिता ने बहस के दौरान अचानक आपा खो दिया और सीधे मोनिका के सिर पर लगातार कई वार किये। प्रहार इतने सख्त थे कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोपालगंज के कटेया की घटना
घर में इस दौरान मचे शोर शराबे से गांव वाले भी बाहर जमा हो गए। जैसे ही लोगों ने वहां का मंजर देखा, सभी सन्न रह गए। ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद कटेया थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी पिता जनार्दन कमकर को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार के अनुसार पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून से सना टेबल फैन और एक लोहे का रॉड भी साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है। गौरा गांव की 19 वर्षीया मोनिका कुमारी के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई।