नवादा : जिले के जाने-माने चिकित्सक सह समाजसेवी 83 वर्षीय डा शत्रुघ्न प्रसाद सिंह का निधन हो गया। कैंसर जैसी बीमारी का दंश झेल रहे डॉ सिंह ने पूर्व सिविल सर्जन डॉ श्रीमती सावित्री शर्मा के आवास सावित्री सेवा सदन में अंतिम सांस ली। निधन की सूचना मिलते ही चिकित्सा जगत समेत राजनीतिक दलों व शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। आवास पर शोक संवेदना व श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों का तांता लग गया।
मूलत: मुजफ्फरपुर जिले के सकरा प्रखंड सह सकरा गांव के रहने वाले स्व सिंह व डॉ श्रीमती सावित्री शर्मा ने जिले के अकबरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्स्क के रूप में अपना योगदान दिया था। दोनों दरभंगा मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के समय से ही एक दूसरे के सहयोगी रहे। संयोग से दोनों की नियुक्ति भी एक ही प्रखंड में हुई। तब से एक दूसरे के साथ रहते हुए स्व सिंह ने अंतिम तक एक दूसरे का साथ निभाया।
चिकित्सक रहते हुए वे नवादा के पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह के संपर्क में आये तथा जिले की राजनीति में कदम रखा। बाद में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संपर्क में आ उन्होंने समता पार्टी ज्वाइन कर लिया तथा नवादा से समता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ें लेकिन हार का सामना करना पड़ा। बावजूद उन्होंने अपने चिकित्सा करना जारी रखा। अंतिम दम तक उन्होंने न केवल एक चिकित्सक के रूप में गरीब गुरबों की नि: शुल्क सेवा की उचित सलाह दिया।
मौत की सूचना मिलते ही जिले के चिकित्सक डॉ एके अरुण, डॉ महेश कुमार, डॉ प्रभाकर, डॉ आफताब कलीम समेत दर्जनों चिकित्सक, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता, पूर्व अध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना, प्रवक्ता मनोज कुमार, रामानुज कुमार, वरीय पत्रकार रवीन्द्र नाथ भैया, वरुणेन्द्र कुमार उर्फ रमेश, मनोज कुमार समेत हजारों की संख्या में शोक व्यक्त करते हुए पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। प्रसिद्ध क्रिकेटर ईशान किशन के पिता प्रणव पाण्डेय स्व सिंह के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हैं।
भईया जी की रिपोर्ट