पटना/नालंदा : नालंदा में महिला के साथ हुई अमानवीय घटना और मंदिर में मची भगदड़ को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने सरकार और समाज दोनों पर तीखा हमला बोला है। पप्पू यादव ने बिहार के नालंदा जिले में एक महिला के साथ सरेआम छेड़छाड़ कर उसे सड़क पर घुमाने की शर्मनाक घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले पर अपनी बेबाक प्रतिक्रिया देते हुए पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने सरकार की कार्यप्रणाली और समाज की गिरती मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर ली है।
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि नूरसराय क्षेत्र में महिला के निजी अंगों के साथ छेड़खानी करना और भीड़ द्वारा उसका वीडियो बनाना अत्यंत दुखद है। उन्होंने समाज को आईना दिखाते हुए कहा कि आज समाज में 85 प्रतिशत लोग सूखा नशा और अश्लील वीडियो की गिरफ्त में हैं। लोग बेटी को बेटी नहीं समझते और विरोध करने के बजाय ऐसी घटनाओं का आनंद लेते हैं। यह मानसिक दिवालियापन है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस ने वीडियो साझा करने वालों पर आईटी एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वहीँ, सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में “सरकार” नाम की कोई चीज नहीं बची है। कहाँ क्या हो रहा है, इससे सत्ता में बैठे लोगों को कोई मतलब नहीं है। पप्पू यादव ने इस बात पर गहरा रोष व्यक्त किया कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद सत्तापक्ष या विपक्ष का एक भी विधायक पीड़ित महिला से मिलने नहीं पहुँचा। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बिहार दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि महामहिम यहाँ आईं, लेकिन बेटियों की सुरक्षा पर एक शब्द नहीं बोला गया। जब बेटियाँ कॉलेज, हॉस्टल और गाँव की सड़कों पर सुरक्षित नहीं हैं, तो इससे बड़ी त्रासदी और क्या हो सकती है?”
पप्पू यादव ने नालंदा के मंदिर में मची भगदड़ को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह केवल एक हादसा नहीं बल्कि कुप्रबंधन का नतीजा है। जहानाबाद की घटना का उदाहरण देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिरों के प्रबंधकों में भक्तों के साथ ‘लूट की प्रवृत्ति’ बढ़ गई है। अनैतिक तरीकों और वीआईपी कल्चर की वजह से ही ऐसी भगदड़ मचती है।