नवादा : जिले के रोह प्रखंड मुख्यालय में श्रीरामनवमी शोभायात्रा के दौरान हुई पथराव और आगजनी की घटना के बाद हालात सामान्य करने को ले मंगलवार को प्रखंड सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक शाम 4 बजे शुरू हुई, जिसमें प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति बहाल करना और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना रहा।
बैठक में रजौली एसडीओ स्वतंत्र कुमार सुमन, डीएसपी हुलास कुमार, बीडीओ फैजान अहमद, थानाध्यक्ष राहुल अभिषेक, पंचायत सचिव राहुल कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी पक्षों से संयम बरतने और आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की। एसडीओ स्वतंत्र कुमार सुमन ने स्पष्ट कहा कि प्रशासन द्वारा किसी भी दुकान को जबरन बंद नहीं कराया गया है। यदि कोई व्यक्ति दुकान बंद कराने का दबाव बनाता है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर उत्पन्न किसी भी समस्या को संबंधित अधिकारी या उन्हें सीधे बताएं, ताकि उसका त्वरित समाधान किया जा सके।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होगा और जांच निष्पक्ष ढंग से की जा रही है। डीएसपी हुलास कुमार ने कहा कि बैठक का उद्देश्य आपसी विश्वास बहाल करना और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकना है। उन्होंने कहा कि बाजार बंद रहने से आम लोगों को परेशानी हो रही है, इसलिए सभी को मिलकर समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के सहयोग से शांति समिति का गठन किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर विवादों का समाधान समय रहते किया जा सके। साथ ही वरीय पदाधिकारियों से बातचीत कर क्षेत्र में मोटरसाइकिल गश्ती बढ़ाने की पहल की जाएगी।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भी अपनी बात रखी। महेंद्र साव ने क्षेत्र में बनी स्थिति और उससे जुड़े पहलुओं पर चर्चा करते हुए समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया। रंजीत सिंह ने शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देना जरूरी है, तभी समाज और देश का भविष्य मजबूत होगा। उजैर अहमद ने कहा कि समाज में सुधार के लिए सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए। जितेंद्र कुमार ने कहा कि दुकानदारों और प्रशासन के बीच संवाद की कमी के कारण बाजार बंद रहा, लेकिन अब स्थिति स्पष्ट हो गई है और अगले दिन से दुकानें खुलने की उम्मीद है।
इस दौरान गिरफ्तार और नामजद लोगों के परिजनों ने भी अधिकारियों से मिलकर अपनी बात रखी और न्याय की गुहार लगाई.श। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को सजा नहीं दी जाएगी और सभी मामलों की निष्पक्ष जांच होगी। बैठक में महेंद्र साव, मड़रा मुखिया शैलेन्द्र महतो, रोह पैक्स अध्यक्ष दीपू मेहता, सरपंच प्रतिनिधि अतिकूर रहमान, पंचायत सचिव मो. कौशर आजाद, पूर्व मुखिया तालिब उद्दीन, मो. अज्जू मियां, मो. डालिम, अजय सिंह, मिथलेश यादव, मो. शमशेर आलम, शेरू उद्दीन, बबलू वर्णवाल, दामोदर साव, अशोक लाल, वीरेंद्र कुमार, मोती साव, उजैर अहमद, मो. गुड्डू, भूषण पासवान, रवि कुमार, मो. लड्डन, संजय साव सहित कई लोग मौजूद रहे ।
भईया जी की रिपोर्ट