मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा के नूरसराय स्थित एक गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां तीन युवकों ने सरेआम एक शादीशुदा महिला को जमीन पर पटक कर उसके साथ गैंगरेप करने की कोशिश की। इतना ही नहीं जब महिला ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई, तो आरोपियों ने महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह घटना 26 मार्च की है, लेकिन वीडियो अब वायरल हुआ है, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल है जिसमें जमीन पर गिरी हुई महिला बेबस और लाचार दिख रही है, जबकि तीनों आरोपी उसके साथ जबर्दस्ती करने का प्रयास करते देखे जा रहे हैं।
सामान लेकर घर लौट रही थी महिला
बताया जा रहा है कि 26 मार्च की शाम पीड़िता किराने का सामान खरीदने के लिए पास की एक दुकान पर गई थी। शाम लगभग 6:00 बजे से 7:00 बजे के बीच जब वह किराने का सामान लेकर लौट रही थी, तो उसी गांव के तीन युवकों ने उसे घेर लिया। जिनकी पहचान अशोक यादव, महलू महतो (उर्फ नवनीत) और रविकांत कुमार के रूप में हुई है। पीड़ित के दो बच्चे हैं और उसके पति महाराष्ट्र के नासिक में मजदूरी करते हैं, जबकि वह अपने बुज़ुर्ग सास-ससुर के साथ गांव में रहती है। पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि दुकान से निकलते ही तीनों ने मुझे पकड़ लिया। इसके बाद इज्जत लूटने के इरादे से मुझे जमीन पर पटक दिया गया। महलू महतो ने मेरे सीने पर हाथ लगाया और जबरदस्ती करने लगा। इस दौरान उसने मेरे कपड़े फाड़ दिए, जिससे मैं अर्धनग्न हो गई। रविकांत भी मेरे साथ बदसलूकी कर रहा था, जबकि अशोक यादव उनकी मदद कर रहा था।’ महिला ने आगे बताया कि उसकी जान तब बची जब उसने जोर से मदद के लिए आवाज लगाई, जिससे गांव के कुछ लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े, यह देखकर आरोपी मौके से भाग गए।
वीडियो किया वायरल, FIR दर्ज हुई
घटना के बाद महिला ने हिम्मत जुटाकर 27 मार्च को पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद आरोपियों ने सोशल मीडिया पर महिला का वीडियो वायरल कर दिया, जिसे उन्होंने महिला को प्रताड़ित करने के दौरान रिकॉर्ड किया था। तीन अलग-अलग क्लिप में वायरल इस वीडियो में आरोपी महिला को गालियां देते हुए और उसे घसीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में, आरोपियों को अपने साथियों को घटना को रिकॉर्ड करने का निर्देश देते हुए साफ तौर पर सुना जा सकता है। मामले के तूल पकड़ने के बाद नालंदा के सदर DSP-2 संजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम ने गांव में छापेमारी की। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों अशोक यादव और महलू महतो को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी रविकांत को पकड़ने के लिए उसके संभावित ठिकानों पर फिलहाल छापेमारी की जा रही है।