नवादा : बिहार में शादी समारोहों के दौरान ‘हर्ष फायरिंग’ के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर सख्त पाबंदी के बावजूद दूल्हे अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र अंतर्गत लीलो बीघा गांव में एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहाँ दूल्हे ने अपनी ही शादी के जश्न में कानून की धज्जियां उड़ाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई, लेकिन गिरफ्तारी के डर से दूल्हा मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, अमोद सिंह का पुत्र सन्नी कुमार विवाह के बंधन में बंधने जा रहा था। खुशियों के माहौल के बीच दूल्हे सन्नी ने अचानक हथियार थाम लिया और हवा में गोलियां दागनी शुरू कर दीं। वहां मौजूद मेहमानों में फायरिंग से दहशत फैल गई, लेकिन दूल्हा बेखौफ होकर फायरिंग करता रहा। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे इंटरनेट पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने की सूचना मिलते ही पकरीबरावां थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और गांव पहुंची।
पुलिस की भनक लगते ही शादी की रस्मों के बीच से ही दूल्हा सन्नी कुमार फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। नवादा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हर्ष फायरिंग कानूनन अपराध है और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की टीमें अब फरार दूल्हे की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि शादी की खुशियां अब पुलिसिया कार्रवाई और कोर्ट-कचहरी के चक्कर में तब्दील हो गई हैं।
भईया जी की रिपोर्ट