सारण मुफ्फसिल थानाअंतर्गत बसाढ़ी गांव स्थित पंचायत भवन में एक महिला कार्यपालक सहायक का शव फंदे से लटका मिलने की सूचना है। मृतक की पहचान गड़खा थाना क्षेत्र के महमदपुर रसूलपुर गांव निवासी 35 वर्षीय प्रियंका कुमारी के रूप में की गई है। प्रियंका कुमारी सारण सदर प्रखंड अंतर्गत बसाढ़ी पंचायत में कार्यपालक सहायक के पद पर कार्यरत थीं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल सदर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। बताया जाता है कि प्रियंका कुमारी शादीशुदा थीं और उनके दो बच्चे भी हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, ससुराल पक्ष के साथ उनके संबंध ठीक नहीं चल रहे थे, जिस कारण वे गड़खा थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरांद रोड स्थित अपने मायके में रह रही थीं और वहीं से रहकर नौकरी पर आती जाती थीं।
आखिरी बार बेटी से हुई थी बात
इस संबंध में मृतका के पिता मदन राय ने बताया कि उनकी बेटी से अंतिम बार शनिवार को दोपहर तक बातचीत हुई थी, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑन रहने के बावजूद रिसीव नहीं हो रहा था। इससे परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पंचायत भवन के पास प्रियंका की स्कूटी खड़ी मिली, जिससे आशंका और गहरी हो गई। इसके बाद परिजनों ने पंचायत भवन का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर जब अंदर झांककर देखा गया, तो प्रियंका का शव फंदे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि पति, ससुर और देवर सहित अन्य लोगों ने उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मौके से सुसाइड नोट बरामद
वहीं सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।