नवादा : जिले के वरीय उपसमहर्त्ता-सह-प्रभारी सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग अमरनाथ कुमार द्वारा जानकारी दी गई कि सक्षम एवं राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के जरूरतमंद लाभुकों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच एवं चश्मा वितरण हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
विशेष अभियान दिनांक 23.03.2026 से 30.04.2026 तक राज्य के सभी बुनियाद केन्द्रों पर संचालित किया जा रहा है, जिसमें जिले के बुनियाद केन्द्र हिसुआ एवं रजौली भी शामिल हैं। शिविर के माध्यम से सभी आयु वर्ग के दृष्टि दोष से ग्रसित लाभुकों की आँखों की स्क्रीनिंग की जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार उन्हें निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक जरूरतमंद लाभुकों को दृष्टि सुधार की सुविधा प्रदान करते हुए उन्हें निःशुल्क चश्मा से आच्छादित करना है, ताकि उनके दैनिक जीवन एवं कार्यक्षमता में सुधार हो सके। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निकटतम बुनियाद केन्द्र (हिसुआ एवं रजौली) पर आयोजित इस विशेष शिविर का लाभ उठाएं तथा अपने परिजनों एवं आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी इस संबंध में जानकारी देकर अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
भईया जी की रिपोर्ट