– ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के नाम पर देशभर में करते थे करोड़ों की ठगी; दक्षिण भारतीय राज्य थे मुख्य निशाने पर
पटना : राजधानी की शास्त्रीनगर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक विशेष टीम बनाकर साइबर अपराधियों के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए पांच शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुरुवार शाम शिवपुरी इलाके के एक फ्लैट में छापेमारी कर इस गिरोह के ‘ऑपरेशन सेंटर’ को ध्वस्त कर दिया। यह गिरोह ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी के नाम पर देशभर के लोगों को झांसा देकर अब तक करोड़ों रुपये की चपत लगा चुका है।
एसडीपीओ (SDPO) साकेत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने शिवपुरी स्थित फ्लैट पर रेड की। जिसके बाद वहां मौजूद पांचों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। जांच में पता चला कि अपराधियों ने ठगी को एक व्यापार की तरह व्यवस्थित कर रखा था। गिरोह के हर सदस्य की भूमिका पहले से तय थी। पहचान गुप्त रखने के लिए ये ग्राहकों को ‘कोड नेम’ देते थे और उसी के आधार पर सारा वित्तीय लेन-देन और बातचीत होती थी।
शुरुआती जांच के अनुसार, यह गिरोह विशेष रूप से दक्षिण भारत के लोगों को अपना निशाना बनाता था। लुभावने ऑफर्स के जरिए पहले लोगों को ऑनलाइन गेम खेलने के लिए प्रेरित किया जाता था। जैसे ही यूजर इनके जाल में फंसता, ये चालाकी से उनकी बैंक डिटेल्स और ओटीपी हासिल कर खाते से पैसे उड़ा लेते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय लिंक खंगाल रही है क्योंकि सट्टेबाजी का कनेक्शन सरहद पार से होने की भी आशंका है।
पुलिस ने मौके से डिजिटल उपकरणों का बड़ा जखीरा बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं, 21 महंगे स्मार्टफोन, 24 एक्टिव सिम कार्ड, 02 हाई-स्पीड लैपटॉप कई बैंकों के एटीएम कार्ड और चेक बुक बरामद किया गया है। SDPO साकेत कुमार ने बताया कि गिरोह के सदस्यों से पूछताछ जारी है। इनके पास से मिले लैपटॉप और मोबाइल के डेटा को खंगाला जा रहा है ताकि इनके पूरे सिंडिकेट और मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके। जल्द ही इस मामले में और भी बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।”