-रातभर किया रतजग्गा, वन विभाग की टीम अलर्ट
नवादा : जिले के रजौली के बाद अब कौआकोल प्रखंड क्षेत्र के दरावां पंचायत में हाथियों के झुंड ने दस्तक देकर ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। प्रखण्ड के नेढला, भुआलटांड़ समेत आधा दर्जन गांवों में हाथियों के पहुँचने से अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों ने रात भर मशालें जलाकर और शोर मचाकर हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया। ग्रामीणों के अनुसार हाथियों की मौजूदगी से डरे-सहमे ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर (रतजग्गा कर) काटी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम भी पूरी मुस्तैदी से जुटी रही। हाथियों का झुंड फिलहाल गोपालपुर आहर एवं नावाडीह जंगल में होने की सूचना है। जमुई डीएफओ के नेतृत्व में कौआकोल वन विभाग और कोलकाता से बुलाए गए विशेषज्ञों की विशेष टीम इलाके में कैंप कर रही है ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके। बता दें कि प्रखण्ड के जंगली इलाकों में बसे दर्जनों गांवों में हाथियों का आतंक चरम पर है। रुक-रुक कर हो रहे हाथियों के हमले से ग्रामीण खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं।
भईया जी की रिपोर्ट