अरवल – करपी प्रखंड क्षेत्र के बंभई स्थित प्लस टू रामेश्वर उच्च विद्यालय का प्रांगण उस समय भावुक पलों का साक्षी बन गया जब विद्यालय परिवार ने अपने प्रिय प्लस टू शिक्षक डाॅ० ज्योति कुमार को एक सादे किन्तु गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी। अवसर था उनके सहायक प्राध्यापक के रूप में चयनोपरांत नए दायित्व के लिए प्रस्थान का।यह आयोजन न केवल एक औपचारिक मुलाकात थी बल्कि एक समर्पित, व्यवहारकुशल व संवेदनशील शिक्षक के प्रति सहकर्मियों की भावनात्मक स्नेह व प्रेम की अभिव्यक्ति भी थी।
इस अवसर पर मौजूदा प्रभारी प्रधानाध्यापक सह बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ, अरवल के पूर्व जिलाध्यक्ष डाॅ०अम्बुज कुमार भूषण ने कहा कि डाॅ० ज्योति ने अपने कार्यकाल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ विद्यालय की गरिमा को भी नई उच्चाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि उनके साथ बिताए गए आत्मीय पलों ने आज हम सभी को भावविभोर कर रहा है। वहीं शिक्षक राकेश रंजन, पुस्तकालयाध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद एवं अन्य ने उनके 12 वर्षों के उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी। मौके पर उपस्थित पूर्ववर्ती छात्र विकास कुमार ने अपने गुरूवर ज्योति सर की कक्षाओं में प्राप्त ज्ञान को अमूल्य और जीवन भर याद रहने वाली स्मृति बताया।
अपने संक्षिप्त उदगार में निवर्तमान शिक्षक डाॅ०ज्योति ने विद्यालय परिवार के सहयोग, स्नेह और प्रेम के लिए तहे दिल से आभार प्रकट करते हुए कहा कि हर मुलाकात का अंजाम जुदाई होता है। यहां बिताया गया प्रत्येक क्षण उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। यदि सहयोग नहीं मिला होता तो मेरी सफलता अधूरी रह जाती। उन्होंने कहा कि यह विदाई एक विराम ज़रूर है लेकिन संबंधों का अंत नहीं।आज जब मैं विद्यालय छोड़ रहा हूं तो सिर्फ स्थान छोड़ रहा हूं संबंध नहीं। कार्यक्रम के अंत में उन्हें मिष्ठान पैकेट एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट