गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान नेरुई गांव निवासी कृष्णा सिंह (30 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कृष्णा सिंह जब रास्ते से गुजर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक सवार अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के तुरंत बाद कृष्णा सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए बड़ी आसानी से फरार हो गए।
सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर गोपालगंज के मॉडल सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कृष्णा सिंह की हत्या से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक और डर का माहौल है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इस हत्या ने एक बार फिर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कानून के शासन की गंभीर चिंता को सामने रखा है। पुलिस की सक्रियता और एफएसएल की जांच के बाद ही अपराधियों जानकारी जुटाई जा सकती है।
घटना के बाद से पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। इस गंभीर मामले की जांच में हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता और मीरगंज थानाध्यक्ष ने सक्रिय भाग लिया। साथ ही, एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली रही है।