नवादा : जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है। इसी क्रम में गैस उठाव एवं वितरण व्यवस्था की स्थिति की जानकारी देने हेतु एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी राज कुमार सिन्हा ने बताया कि एचपीसीएल, बीपीसीएल एवं आईओसीएल के प्रबंधकों से प्राप्त सूचना के अनुसार जिले में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। सभी गैस एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को डोर-स्टेप डिलीवरी के माध्यम से नियमित आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आमजनों की सुविधा एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जहां कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 06324-212122 निर्धारित किया गया है, जिस पर आम नागरिक अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। अब तक नियंत्रण कक्ष में कुल 164 शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिनमें से 148 का निष्पादन कर दिया गया है तथा शेष शिकायतें प्रक्रियाधीन हैं।
वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए गैस एजेंसियों एवं पेट्रोल पम्पों पर संभावित भीड़ एवं अव्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही जमाखोरी एवं कालाबाजारी की किसी भी आशंका को गंभीरता से लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर एवं रजौली द्वारा प्रत्येक प्रखंड में धावा दल का गठन किया गया है। इस दल में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा संबंधित थाना के थानाध्यक्ष को शामिल किया गया है।
धावा दलों द्वारा विभिन्न प्रखंडों में स्थित गैस एजेंसियों के गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया, ताकि आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी सुनिश्चित की जा सके और किसी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई हो सके। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है। वैसे प्रशासन का दावा भ्रामक माना जा रहा है। गोविंदपुर इंडेन गैस एजेंसी द्वारा डोर स्टेप डिलीवरी तो दूर गोदाम पहुंचे उपभोक्ताओं को भी बगैर गैस वापस लौटने पर विवश किया जा रहा है।
भईया जी की रिपोर्ट