नवादा : जिले के हिसुआ प्रखंड के चिताबीघा गांव में सड़क हादसा हो गया। हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान धर्मेंद्र सिंह और विनोद सिंह के रूप में हुई है। दोनों वासुदेव सिंह के पुत्र बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों भाई सुबह अपने खेत देखने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। लेकिन एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
परिवार में मचा कोहराम, गांव में शोक
घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। बड़े भाई मिथिलेश सिंह ने गहरे दुख के साथ अपनी पीड़ा जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘ऐसा लग रहा है जैसे मेरे दोनों कंधे ही कट गए हों। ग्रामीणों ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। हर कोई पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में जुटा है।
पुलिस ने शुरू की जांच, चालक की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने जल्द ही दोषी को पकड़ने का आश्वासन दिया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
भईया जी की रिपोर्ट