– “जल महोत्सव, सशक्त समाज” कार्यक्रम का उद्घाटन, 23 महिला कर्मियों को सम्मान
पटना : लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) के मंत्री संजय कुमार सिंह ने मुख्यालय सभागार में आयोजित “जल महोत्सव, सशक्त समाज” कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 23 महिला पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया गया। मंत्री ने “हर घर नल का जल” योजना के सफल क्रियान्वयन में योगदान देने वाली महिला कर्मियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर की महिला कबड्डी खिलाड़ी संतोषी कुमारी को भी खेल क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक मनाया जा रहा “जल महोत्सव, सशक्त समाज” महिलाओं के साहस और समर्पण का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण मिलने से उनकी भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। “हर घर नल का जल” योजना के तहत राज्य में करीब 1.20 लाख जलापूर्ति योजनाएं स्थापित की गई हैं, जिनके संचालन में महिलाओं की भागीदारी लगभग आधी है। मंत्री ने यह भी बताया कि 18 मार्च 2026 को पटना के बापू टावर में भी महिला पंप चालकों को सम्मानित किया गया था और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों का विस्तार किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान महिला कर्मियों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए, जिन्हें मंत्री ने गंभीरता से सुना और कहा कि जमीनी स्तर के सुझाव विभागीय कार्यों को और प्रभावी बनाएंगे। इस मौके पर अभियंता प्रमुख सह विशेष सचिव नित्यानंद प्रसाद, अभय कुमार, अपर सचिव अरविंद कुमार सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट